विशेष

भारत जोड़ो न्याय यात्रा का 5वां दिन:नगालैंड से असम पहुंचे राहुल, बोले- यहां की सरकार देश में सबसे भ्रष्ट, जनता को लूट रही भाजपा

 

 

असम के शिवसागर जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते राहुल गांधी।

कांग्रेस की भारत जोड़ा न्याय यात्रा के पांचवें दिन राहुल गांधी नगालैंड से असम पहुंचे। उन्होंने असम के शिवसागर जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। राहुल ने कहा- भाजपा और RSS देश में आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक अन्याय कर रही है। भारत जोड़ा न्याय यात्रा का लक्ष्य हर धर्म, हर जाति के लोगों को एकजुट करने के साथ इस अन्याय के खिलाफ लड़ना भी है।

 

राहुल ने असम में भाजपा की हिमंत बिस्वा सरमा की सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा- असम में देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है। भाजपा देश में नफरत फैलाने के साथ जनता का पैसा लूट रही है। हम भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान असम का मुद्दा उठाएंगे।

राहुल ने कहा- मणिपुर में सिविल वॉर का माहौल बना हुआ है। PM मोदी आज तक वहां नहीं गए। नगालैंड में पीएम ने बड़े वादे किए थे। वहां के लोग पूछ रहे हैं कि PM के वादों का क्या हुआ। ऐसी ही चीजें असम में भी हो रही हैं।

 

राहुल गांधी ने 14 जनवरी को मणिपुर के थौबल से भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू की थी। वे यात्रा के दौरान इसी बस में सफर कर रहे हैं।

राहुल 25 जनवरी तक असम में रहेंगे
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बताया कि असम में 18 से 25 जनवरी तक न्याय यात्रा होगी। असम सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा यहां सफल न हो। हालांकि, हमें विश्वास है कि युवाओं और महिलाओं सहित असम के सभी वर्ग राहुल गांधी की बात सुनेंगे।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के चौथे दिन बुधवार (17 जनवरी) को राहुल गांधी नगालैंड में थे। उन्होंने सुबह 9 बजे नगालैंड के वीकेटाउन, झुनहाबोटो से यात्रा की शुरुआत की। मोकोकचुंग में उन्होंने सभा ली। इसके बाद यात्रा चुचुयिम्बेंग गांव और रांगकोंग पहुंची। इसके बाद यात्रा तुली पहुंची। यहां रात्रि विश्राम के बाद आज सुबह यात्रा असम रवाना हुई थी।

14 जनवरी से अब तक भारत जोड़ो न्याय यात्रा सिलसिलेवार पढ़िए...

14 जनवरी- न्याय यात्रा का पहला दिन: राहुल बोले- PM मोदी मणिपुर के आंसू पोछने नहीं आए
14 जनवरी को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मणिपुर के थौबल से भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आगाज किया। यात्रा से पहले राहुल गांधी ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा- चुनाव में ज्यादा समय नहीं बचा। इसलिए पैदल के साथ-साथ बस यात्रा का फैसला किया। सवाल उठा कि यात्रा कहां से शुरू करें, किसी ने कहा वेस्ट से करो, किसी ने ईस्ट बताया।

राहुल बोले कि मैंने साफ कहा- अगली भारत जोड़ो यात्रा सिर्फ मणिपुर से शुरू हो सकती है। मणिपुर में BJP की नफरत की राजनीति है। मणिपुर में भाई-बहन, माता-पिता आंखों के सामने मरे और आज तक हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री मणिपुर में आपके आंसू पोछने, गले मिलने नहीं आए। ये शर्म की बात है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

 

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर के थौबल से शुरू हुई।

 

न्याय यात्रा के पहले दिन राहुल गांधी थौबल में रात में मशाल लेकर सड़क पर चले।

15 जनवरी- न्याय यात्रा का दूसरा दिन: मणिपुर के मैतेई और कुकी समुदायों के इलाकों से गुजरे राहुल
राहुल ने इम्फाल वेस्ट के सेकमई से यात्रा शुरू की थी। राहुल अपनी ट्रेडमार्क सफेद टी-शर्ट और पैंट के साथ पारंपरिक मणिपुरी जैकेट पहने थे। भीड़ से बात करने और उनकी समस्याओं पर चर्चा करने के लिए राहुल यात्रा मार्ग पर कई बार बस से उतरे। उन्होंने लोगों के साथ सेल्फी ली और पारंपरिक नृत्य प्रदर्शन भी देखा।

वे मैतेई और कुकी दोनों समुदायों के इलाकों से गुजरे। गांधी ने कांगपोकपी जिले की भी यात्रा की जहां पिछले साल मई में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया गया था। यात्रा रात को नगालैंड पहुंची। राहुल पार्टी के सहयोगियों के साथ मणिपुर की सीमा से लगे कोहिमा जिले के खुजामा गांव पहुंचे। यहां रात्रि विश्राम किया। पूरी खबर यहां पढ़ें...

 

राहुल की यात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में आदिवासी समुदाय के लोग भी जुटे।

 

राहुल गांधी की बस में कुछ बच्चे पोस्टर लेकर पहुंचे। इनमें लिखा था- अंकल राहुल, हम आपके साथ पैदल चलना चाहते हैं। अंकल राहुल, हम देश का भविष्य हैं और हमारा भविष्य आप पर निर्भर है।

16 जनवरी- न्याय यात्रा का तीसरा दिन: राहुल बोले- छोटे राज्यों को भी बराबरी का अधिकार
कोहिमा में लोगों को संबोधित करने हुए राहुल ने कहा कि इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप छोटे राज्य हैं, आपको देश के बाकी लोगों जैसे बराबरी का दर्जा मिलना चाहिए। राहुल ने यहां द्वितीय विश्व युद्ध के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।

I.N.D.I.A में सीट शेयरिंग को लेकर राहुल ने कहा कि अलायंस चुनाव लड़ेगा और जीतेगा। सीट शेयरिंग को लेकर हमारी बातचीत जारी है। ज्यादातर जगह आसान है, कुछ एक जगह पर थोड़ा मुश्किल है, लेकिन सीट शेयरिंग की मुद्दा हम आसानी से सुलझा लेंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें...

 

कोहिमा में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान स्कूली छात्रों के साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी।

 

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने नगालैंड के कोहिमा में स्थानीय लोगों के साथ चाय पी।

17 जनवरी- न्याय यात्रा का चौथा दिन: राहुल बोले- PM ने आपसे झूठा वादा किया, मैं शर्मिंदा हूं
नगालैंड के मोकोकचुंग में राहुल ने कहा- मैं शर्मिंदा हूं कि PM मोदी ने 9 साल पहले नगालैंड के लोगों से नगा संधि को लेकर एक वादा किया था, लेकिन इसे लेकर कुछ नहीं किया। अगर आपके पास किसी चीज का हल नहीं है, तो आपको झूठ नहीं बोलना चाहिए।

राहुल ने कहा- मैंने नगालैंड के गांव के लोगों के साथ चाय पी। एक बच्ची ने मुझसे पूछा कि इस यात्रा के पीछे मकसद क्या है? तो मैंने उसे बताया कि इस यात्रा का मकसद है उसकी बात सुनना। ये समझना कि नगालैंड के लोग क्या महसूस करते हैं और कैसे जिंदगी जीते हैं।

खबरें और भी हैं...